Home / Uncategorized / गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग से किसानों की 150 बीघा फसल राख

गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग से किसानों की 150 बीघा फसल राख

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के असनावर, बसनावर और आलमपुर गांवों में रविवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में लगभग 100 एकड़ (करीब 150 बीघा) गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, बसनावर गांव में अज्ञात कारणों से आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और असनावर तथा आलमपुर गांवों तक फैल गई। आग की लपटों से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग बुझाने के लिए तीनों गांवों के हजारों ग्रामीण एकजुट हुए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों से खेतों की जुताई कर आग को आगे बढ़ने से रोका। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद झाड़ियों और डंडों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग बुझने के बाद मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा जिला महामंत्री हिमांशु प्रताप सिंह ‘मंटू’ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित किसानों से मुलाकात की और हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस आगजनी की घटना से क्षेत्र के किसानों में मायूसी है और वे प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। लेखपाल हर्षित राणा ने बताया कि आलमपुर गांव के लगभग 200 किसानों की करीब 150 बीघा (100 एकड़) फसल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन अभी जारी है और यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *