Home / Uncategorized / महिला सशक्तिकरण के स्वर से गूंजा विश्वविद्यालय परिसर, गीत प्रतियोगिता में छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

महिला सशक्तिकरण के स्वर से गूंजा विश्वविद्यालय परिसर, गीत प्रतियोगिता में छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण एवं मिशन शक्ति नोडल अधिकारी डॉ अनुराधा राय के दिशा-निर्देश में मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत संगीत विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित गीत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और जागरूकता का संदेश प्रसारित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान संगीत विभाग की छात्रा नैन्सी ने “ओ भारत की नारी, मत बनना बेचारी” गीत प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया, वहीं सुनीता ने “बेटियां हर घर में हों तो खुशियां यूं बढ़ती रहें” गीत के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश दिया। इसके अतिरिक्त अन्य प्रतिभागियों ने भी विभिन्न महिला-आधारित गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को अत्यंत रोचक और प्रेरणादायक बना दिया। उपस्थित दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों की गूंज से वातावरण को जीवंत बनाए रखा।
इस अवसर पर निदेशक शैक्षिक डॉ. पुष्पा मिश्रा, संगीत विभाग के प्राध्यापक विजय प्रकाश पाण्डेय, संतोष तिवारी तथा विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं पूजा, अमृत, रवि सहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ रूबी द्वारा किया गया, जिसमें सभी का सक्रिय सहयोग सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *