Home / Uncategorized / एसपी का थाना फरेन्दा पर चौंकाने वाला छापा, लापरवाही पर SHO समेत कई पर कार्रवाई

एसपी का थाना फरेन्दा पर चौंकाने वाला छापा, लापरवाही पर SHO समेत कई पर कार्रवाई

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज। जिले में पुलिस व्यवस्था को सशक्त और पारदर्शी बनाने के प्रति कटिबद्ध एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार देर रात थाना कोतवाली फरेन्दा का आकस्मिक निरीक्षण कर सबको चौंका दिया। इस दौरान थाने की कई व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सख्त कदम उठाए।
निरीक्षण के दौरान एसपी अवस्थी ने थाना कार्यालय, अभिलेखागार, सफाई व्यवस्था, साइबर सेल, महिला हेल्प डेस्क और अन्य महत्वपूर्ण खंडों का बारीकी से मुआयना किया। पाया गया कि लंबित प्रार्थना पत्रों का निस्तारण नहीं हो रहा था, अभिलेख अपूर्ण और पुराने थे, सफाई का अभाव था तथा साइबर सेल और महिला डेस्क पर आवश्यक सुविधाएं लापता थीं। कार्य में घोर लापरवाही पाए जाने पर उपनिरीक्षक बीरबल चौहान को विभागीय नियमों के तहत तत्काल निलंबित कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक फरेन्दा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक तथा ड्यूटी मुंशी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एसपी अवस्थी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों और प्रार्थना पत्रों की तत्काल समीक्षा कर निस्तारण सुनिश्चित करने, अभिलेखों को पूर्ण और अद्यतन रखने तथा जन शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी समाधान करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई।
एसपी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “थाना स्तर पर पुलिसिंग की गुणवत्ता ही जनता के विश्वास की मजबूत नींव है। मेरा लक्ष्य हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष निपटारा सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय मिल सके।” यह कार्रवाई जिले भर के थानों में सतर्कता पैदा करने वाली है, जो पुलिस सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *