Home / Uncategorized / दो भाइयों के विवाद में फंसा कॉलेज, बढ़ी छात्रों की चिंता; परीक्षा पर संकट के बादल

दो भाइयों के विवाद में फंसा कॉलेज, बढ़ी छात्रों की चिंता; परीक्षा पर संकट के बादल

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

रेणुकूट सोनभद्र खाड़पाथर क्षेत्र अंतर्गत स्थित बाबूराम सिंह महाविद्यालय में दो भाइयों के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस विवाद का सीधा असर छात्रों की पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं पर पड़ रहा है, जिससे सैकड़ों छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटकता नजर आ रहा है।
सोमवार को भी पूरे मामले में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका, जिससे छात्रों और अभिभावकों में निराशा का माहौल बना रहा। सुबह करीब 8 बजे बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक, शिक्षक और नगर पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह उप जिलाधिकारी के आवास पहुंचे और पूरे घटनाक्रम से उन्हें अवगत कराया।
उप जिलाधिकारी ने सभी को आश्वासन देते हुए थाना प्रभारी और पुलिस उपाधीक्षक से संपर्क कर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य ने उप जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कॉलेज परिसर में अराजक तत्वों द्वारा कई कमरों और स्ट्रांग रूम के ताले तोड़ दिए गए हैं। इतना ही नहीं, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ को जला भी दिया गया है।
प्राचार्य ने स्पष्ट कहा कि जब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक परीक्षा आयोजित कराना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि Pipri पुलिस से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
उप जिलाधिकारी के निर्देश पर छात्र, अभिभावक और शिक्षक पिपरी थाने पहुंचे। वहां क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी परीक्षा हर हाल में कराई जाएगी और वे स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपाधीक्षक हर्ष पांडे से मुलाकात की, जहां भी एफआईआर दर्ज न होने की शिकायत दोहराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद सभी लोग महाविद्यालय पहुंचे, जहां थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव और क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लंबी वार्ता हुई।
हालांकि, घंटों चली इस बातचीत के बावजूद कोई अंतिम समाधान नहीं निकल सका। अंततः छात्र, अभिभावक और शिक्षक निराश होकर वापस लौट गए।
अब छात्रों के बीच यह चिंता गहराती जा रही है कि मात्र दो दिनों बाद उनकी परीक्षा शुरू होने वाली है, लेकिन अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। ऐसे में उनके भविष्य को लेकर असमंजस और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *