Home / Uncategorized / अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत

रिंग रोड पर हरिबल्लमपुर के पास हुआ हादसा, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत रिंग रोड पर हरिबल्लमपुर गांव के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दनियालपुर (थाना शिवपुर) निवासी अभिलाष मिश्र (34) पुत्र सजीवन मिश्र सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे चंदमारी से रिंग रोड के रास्ते सारनाथ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हरिबल्लमपुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिलाष मिश्र की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही चंदापुर चौकी प्रभारी अभिनाश मिश्र पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।
मृतक के परिवार की स्थिति बेहद दयनीय बताई जा रही है। अभिलाष मिश्र के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र लगभग दो वर्ष और दूसरा महज छह माह का है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी अनुराधा मिश्र का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि अभिलाष की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व चंदौली में हुई थी।
परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पिता सजीवन मिश्र लंबे समय से बीमार हैं, जबकि छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है। ऐसे में घर की पूरी जिम्मेदारी अभिलाष के कंधों पर ही थी। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *