पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी
कानपुर देहात | डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने 14/15 अप्रैल की मध्यरात्रि विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने स्थानीय पुलिस बल के साथ थाना भोगनीपुर, मूसानगर, गजनेर, ग्रोथ सेंटर चौकी, अकबरपुर समेत ग्राम संगसियापुर में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थलों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित थाना व चौकी प्रभारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहे और हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित रखी जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
रात्रि गश्त के दौरान एसपी ने आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। साथ ही नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस या हेल्पलाइन नंबर पर दें।
अंबेडकर जयंती के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।










