पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशों के क्रम में, पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से सुखपुरा थाने में ‘ई-मालखाना’ (E-Malkhana) प्रणाली का अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर व क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान ने किया। इस नई डिजिटल प्रणाली के तहत, थाने में जब्त किए गए सभी सामान (मुकदमाती माल, वाहन, नशीले पदार्थ आदि) का विवरण अब रजिस्टरों की बजाय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज किया जाएगा। जब्त किए गए प्रत्येक सामान को पारदर्शी बॉक्स में रखा जाएगा। उस पर एक विशिष्ट क्यूआर कोड चस्पा किया जाएगा। इसे स्कैन करते ही मुकदमे का नंबर, धारा, सामान का प्रकार और उसे दाखिल करने वाले अधिकारी का पूरा ब्यौरा स्क्रीन पर आ जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने मालखाना मोहर्रिर को सभी लंबित माल का डेटा जल्द से जल्द पोर्टल पर अपलोड करने और अभिलेखों को समय से अद्यावधिक करने के निर्देश दिए।
पारदर्शिता और सुरक्षा
डिजिटल डेटाबेस होने के कारण माल के रखरखाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या चोरी की संभावना खत्म हो जाएगी। माल के निस्तारण की प्रक्रिया भी ऑनलाइन ट्रैक की जा सकेगी।
त्वरित निस्तारण
ई-मालखाना ऐप के माध्यम से यह आसानी से पता चल सकेगा कि कौन-सा माल कितने समय से लंबित है। जिससे माननीय न्यायालय के आदेशानुसार उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
साक्ष्य प्रबंधन
इस प्रणाली से साक्ष्यों की ‘चेन ऑफ कस्टडी’ सुरक्षित रहती है। जिससे कानूनी कार्यवाही के दौरान सबूतों की विश्वसनीयता बनी रहती है।










