पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। सोमवार को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस पर शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक जागरूकता रैली भी निकाली। यह रैली 14 से 20 अप्रैल तक चलने वाले अग्नि सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत का प्रतीक है।
अग्निशमन केंद्र प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन अक्षय कुमार, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी संजय कुमार व अमित यादव सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवा के दौरान शहीद हुए जवानों को याद किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद एसपी ने अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। यह रैली विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, होटलों, पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक स्थानों से गुजरी, जहां लोगों को आग लगने और उससे होने वाले नुकसान से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। रैली फायर सर्विस से शुरू होकर एनसीसी तिराहा, मिठ्ठी चौराहा, टीडी कॉलेज चौराहा, रोडवेज, चित्तू पाण्डेय चौराहा, रेलवे स्टेशन, चौक, कासिम बाजार, पशु अस्पताल, जिला चिकित्सालय (पुरुष), विशुनीपुर, डीएम आवास, एसपी आवास होते हुए कुंवर सिंह चौराहा से वापस फायर सर्विस बलिया में संपन्न हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर मालवाहक जहाज फोर्ट स्टीकेन में लगी आग पर काबू पाने के दौरान 66 अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे। इन बहादुर कर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन दिवस और 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है।बलिया में इस सात दिवसीय अभियान के दौरान आगजनी से बचाव और जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लोगों को आग लगने पर बचाव के तरीके, आग लगने से पहले और बाद में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अग्नि सेवा सप्ताह में भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सभागारों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अग्नि निवारण, जीवन संरक्षा और अग्निशमन व्यवस्थाओं की जांच व मॉक ड्रिल अभियान भी चलाया जाएगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने जिलावासियों से अपील की है कि वे अग्नि से बचाव के लिए सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करें, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अग्नि सुरक्षा सप्ताह शुरू, 14 से 20 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान










