Home / Uncategorized / टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा 2.27 क्विंटल गांजा बरामद, दुद्धी पुलिस और एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई

टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा 2.27 क्विंटल गांजा बरामद, दुद्धी पुलिस और एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की मुस्तैदी एक बार फिर देखने को मिली है। तस्कर भले ही नए-नए तरीके अपनाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन पुलिस की सतर्क निगरानी के चलते उनकी योजनाएं लगातार विफल हो रही हैं।

दुद्धी पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) गोरखपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम प्रभारी रमेश राम व उप निरीक्षक शशिकांत राय के नेतृत्व में पुलिस ने दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ घाटी जंगल में घेराबंदी की।
इस दौरान एक संदिग्ध सफेद पेट्रोल-डीजल टैंकर (नंबर यूपी 75 एम 8553) को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान टैंकर के भीतर छिपाकर रखी गई गांजे की नौ बोरियां बरामद हुईं। बरामद गांजे का कुल वजन लगभग 2.27 क्विंटल बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत करीब 34 लाख रुपये आंकी गई है।

तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए इस बार फ्यूल टैंकर का इस्तेमाल किया, जो सामान्यतः कम संदेह के दायरे में आता है। टैंकर के भीतर गांजे की बोरियों को इस तरह ठूंसा गया था कि बाहर से किसी को कोई शक न हो सके।

पुलिस ने मौके से टैंकर चालक रियाज अहमद पुत्र मोहम्मद वसीर, निवासी पूरेदुलम अमावा, थाना रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गांजे की यह खेप झारखंड से रायबरेली भेजी जा रही थी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजा किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तस्करों द्वारा अपनाया गया यह तरीका भले ही नया और चौंकाने वाला हो, लेकिन पुलिस की सतर्कता और सक्रिय खुफिया तंत्र के चलते ऐसे प्रयास लगातार विफल हो रहे हैं।

दुद्धी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *