Home / Uncategorized / वाराणसी में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 11 केंद्रों पर कल से प्रशिक्षण शुरू

वाराणसी में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 11 केंद्रों पर कल से प्रशिक्षण शुरू

पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। आगामी जनगणना 2027 को सुचारू और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 16 अप्रैल से शहर के 11 चयनित केंद्रों पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों का जोनवार प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए जनपद में कुल 3117 प्रगणक और 523 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा कर्मियों को ‘एचएलओ मोबाइल ऐप’ के इंस्टॉलेशन, संचालन और डेटा संग्रह की पूरी प्रक्रिया सिखाई जाएगी। इसके साथ ही मकान सूचीकरण, परिवार के सदस्यों की उम्र, शिक्षा, व्यवसाय और ऊर्जा के स्रोत समेत कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र करने का अभ्यास भी कराया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में सभी नामित कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम शहर के विभिन्न जोनों में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित होगा, जिनमें आदमपुर, भेलूपुर, दशाश्वमेध, कोतवाली, वरुणापार, ऋषि मांडवी, सारनाथ और रामनगर जोन शामिल हैं।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से सभी कर्मियों को डिजिटल जनगणना के लिए दक्ष बनाकर कार्य को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *