पूर्वांचल राज्य /चंदौली
चंदौली,जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने मंगलवार को विकास खंड बरहनी क्षेत्र के दो विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान मैरी एजुकेशन एकेडमी, बगही में पाया गया कि विद्यालय को कक्षा 1 से 8 तक की ही मान्यता प्राप्त है, लेकिन वहां कक्षा 9 और 10 की भी कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। पूछताछ में प्रबंधन ने बताया कि छात्रों का नामांकन अन्य विद्यालयों में है, जबकि पढ़ाई यहां कराई जाती है।
वहीं ज्ञान दीप एजुकेशन एकेडमी, सोगई रोड सैयदराजा में कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता के बावजूद कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं चलती पाई गईं। यहां भी प्रबंधन ने इसी प्रकार का स्पष्टीकरण दिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दोनों विद्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन करें। साथ ही दोनों संस्थानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।










