पूर्वांचल राज्य
वाराणसी: महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी एवं जिला कांग्रेस कमेटी ने स्मार्ट मीटर को लेकर जनहित में जोरदार विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं के मीटर बिना उनकी सहमति के प्रीपेड में बदले जा रहे हैं, जिससे आम जनता को आर्थिक और तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। ज्ञापन में कहा गया कि जिन उपभोक्ताओं के मीटर बिना सहमति के प्रीपेड किए गए हैं, उन्हें तत्काल पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।
इसके साथ ही नए कनेक्शनों में प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर को “स्पीड मीटर” बनाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषी कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के हस्ताक्षर रहे। कांग्रेस ने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की है।
स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रीपेड व्यवस्था खत्म करने की मांग










