Home / Uncategorized / लखनऊ में अपना दल (एस) पदाधिकारियों ने अनुप्रिया पटेल से की मुलाकात, डाला-ओबरा में ESIC अस्पताल की मांग

लखनऊ में अपना दल (एस) पदाधिकारियों ने अनुप्रिया पटेल से की मुलाकात, डाला-ओबरा में ESIC अस्पताल की मांग

पूर्वांचल राज्य संवाददाता – दीपू तिवारी

सोनभद्र अंतर्गत रेणुकूट क्षेत्र से जुड़े अपना दल (एस) के पदाधिकारियों ने लखनऊ स्थित पार्टी कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हुए जनपद से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान जिला अध्यक्ष अंजनी पटेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य (महिला मंच) प्रीति सिंह राजपूत, घोरावल विधानसभा अध्यक्ष रामसूरत पटेल, जुगैल के पूर्व प्रधान, ओबरा विधानसभा अध्यक्ष प्रभुनाथ खरवार एवं निरंजन जयसवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव ने केंद्रीय मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए ओबरा एवं डाला क्षेत्रों में ईएसआईसी औषधालय/अस्पताल की स्थापना एवं संचालन की मांग उठाई।

ज्ञापन में बताया गया कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत इन क्षेत्रों में औषधालय खोलने का प्रस्ताव पहले से है, लेकिन आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति न होने के कारण अब तक इनका संचालन शुरू नहीं हो सका है। क्षेत्र औद्योगिक एवं श्रमिक बहुल होने के कारण हजारों श्रमिक एवं उनके परिवार इस सुविधा से वंचित हैं।

वर्तमान में पूरे जनपद में केवल रेणुकूट में ही एक ईएसआईसी औषधालय संचालित है, जिसके कारण डाला और ओबरा के श्रमिकों को लगभग 45 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। आपातकालीन स्थिति में यह दूरी गंभीर समस्या बन जाती है, जिससे समय, धन और स्वास्थ्य तीनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि श्रमिकों के वेतन से नियमित रूप से ईएसआई अंशदान कट रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध न होने से उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया गया कि डाला एवं ओबरा में प्रस्तावित ईएसआई औषधालयों के संचालन हेतु शीघ्र आवश्यक पद स्वीकृति एवं स्टाफ नियुक्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि हजारों श्रमिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इस दौरान नीरज पटेल, सर्वेश पटेल, पुष्पराज पटेल सहित कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी, जिससे क्षेत्र के श्रमिकों को बड़ी राहत मिल सकेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *