Home / Uncategorized / रेणुकूट में नशा मुक्ति केंद्र का उद्घाटन, समाज को नशामुक्त बनाने की पहल तेज

रेणुकूट में नशा मुक्ति केंद्र का उद्घाटन, समाज को नशामुक्त बनाने की पहल तेज

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

रेणुकूट(सोनभद्र) स्थानीय नगर के चाचा कॉलोनी के समीप गुरुवार को एक सराहनीय सामाजिक पहल के तहत नशा मुक्ति केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। यह केंद्र हिंडालको जन सेवा ट्रस्ट एवं अभय ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ वाराणसी जोन के एजी पीयूष मोर्डिया एवं सतीश पाई द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, ग्रामीण क्षेत्र के लोग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में पीयूष मोर्डिया ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जो व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने अपील की कि नशे के शिकार लोगों को तिरस्कृत करने के बजाय उन्हें सहयोग और सही मार्गदर्शन देकर इस बुरी लत से बाहर निकालने का प्रयास करना चाहिए।
हिंडालको के प्रबंध निदेशक सतीश पाई ने कहा कि वर्ष 1960 में रेणुकूट से कंपनी की शुरुआत हुई थी, इसलिए क्षेत्र के सामाजिक विकास में योगदान देना उनका दायित्व है। उन्होंने इस नशा मुक्ति केंद्र को समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल बताते हुए विश्वास जताया कि इससे क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर आईजी आर पी सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, हिंडालको के सीईओ समीर नायक, के. एन. पांडेय, जसबीर सिंह, निखिल यादव, अजय सिन्हा, अभय भार्गव तथा सीओ पिपरी हर्ष पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नशा मुक्ति केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को नई दिशा और सहारा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *