पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र स्थित डाला वैष्णो मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोयला लादकर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर एकतरफा यातायात व्यवस्था के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद ट्रक पर लदा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और रास्ता साफ कराते हुए यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।










