पूर्वांचल राज्य/चंदौली
धानापुर विकासखंड के खड़ान गांव में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इस मुद्दे को समाजसेवी प्रेम सिंह ने प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उनका कहना है कि गांव के कई सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से बालू, गिट्टी और भस्सी गिराए जाने से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रेम सिंह ने बताया कि गेहूं-धान क्रय विक्रय केंद्र के सामने बालू का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जिससे किसानों और वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके अलावा गांव के खेल मैदान के पास भस्सी गिरा दी गई है, जिससे बच्चों के खेलने की जगह प्रभावित हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
उन्होंने आगे कहा कि अमृत सरोवर के पास भी बालू और गिट्टी का ढेर लगा हुआ है, जिससे वहां आने-जाने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल आवागमन को प्रभावित कर रही है, बल्कि गांव की साफ-सफाई और सुंदरता पर भी नकारात्मक असर डाल रही है।
समाजसेवी प्रेम सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि इन स्थानों से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और सार्वजनिक स्थानों का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।










