Home / Uncategorized / धानापुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में

धानापुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में

पोल्ट्री फार्म से चोरी हुई बैटरी-इन्वर्टर बरामद, नकदी भी मिली

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन ट्यूबलर बैटरी, दो इन्वर्टर और 3000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं के संबंध में की गई। पहली घटना 15 फरवरी 2026 को धानापुर-नगवा रोड स्थित एक पोल्ट्री फार्म में हुई थी, जहां से अज्ञात चोरों ने तीन ट्यूबलर बैटरी और दो इन्वर्टर चोरी कर लिए थे। इस मामले में वादी अबुल हसन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

दूसरी घटना 14 मार्च 2026 को ग्राम बड़ौरा में सामने आई, जहां एक बंद पड़े पोल्ट्री फार्म से एक इन्वर्टर और एक बैटरी चोरी हो गई थी। इस संबंध में वादी अबुल कैश खान की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 अप्रैल 2026 को जांच तेज की। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोहड़ा सकरारी मार्ग के पास से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त और बाल अपचारी के पास से दो एक्साइड कंपनी की बैटरी, एक इस्टमैन बैटरी, एक एक्साइड इन्वर्टर, एक ल्यूमिनस इन्वर्टर और 3000 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 15/16 फरवरी की रात को नगवा रोड स्थित पोल्ट्री फार्म के कमरों का ताला तोड़कर इन्वर्टर, बैटरी समेत अन्य सामान चोरी किया था। उसी रात पास के एक अन्य फार्म से भी बैटरी और इन्वर्टर चुराए गए थे।

इसके अलावा 14 मार्च की रात को ग्राम बड़ौरा के पास एक बंद पड़े पोल्ट्री फार्म से भी बैटरी और इन्वर्टर चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी का कुछ सामान छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *