वाराणसी,पूर्वांचल राज्य।शहर में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत गुरुवार सुबह मंडुवाडीह के लहरतारा-बौलिया इलाके में लोक निर्माण विभाग ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। 6 लेन सड़क निर्माण में बाधा बन रहे करीब 100 मकानों को हटाने के लिए 41 मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन की मौजूदगी में एक-एक कर चिन्हित मकानों को तोड़ा जा रहा है। कार्यवाही के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की स्थिति न बने। बताया जा रहा है कि इन मकानों को करीब एक वर्ष पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि जिस जमीन पर मकान बने हैं वह वन विभाग की भूमि है और सड़क चौड़ीकरण के लिए इसे खाली कराया जाना जरूरी है। नोटिस के बाद कई बार मुनादी भी कराई गई थी ताकि लोग समय रहते अपने निर्माण हटा सकें। जुलाई 2025 से लगातार क्षेत्र में अनाउंसमेंट कराकर लोगों को चेतावनी दी जा रही थी। दरअसल वाराणसी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है इस योजना के तहत मोहनसराय बाईपास से मुगलसराय तक लगभग 31 किलोमीटर लंबी 6 लेन सड़क बनाई जा रही है। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने करीब 197.40 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है।
मोहनसराय बाईपास से बौलिया तिराहा तक सड़क का निर्माण पहले ही पूर्ण हो चुका है। इसके बाद यह सड़क वाराणसी शहर के अंदर प्रवेश करती है और कैंट स्टेशन, राजघाट तथा पड़ाव चौराहा होते हुए मुगलसराय तक जाती है लेकिन बौलिया तिराहा के आगे आबादी के बीच से सड़क गुजरने के कारण निर्माण कार्य जनवरी 2025 से रुका हुआ था। अब प्रशासन ने निर्माण में आ रही बाधाओं को हटाने की कार्यवाही शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मकानों के हटने के बाद सड़क निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा जिससे शहर में यातायात सुगम हो सकेगा।
6 लेन सड़क निर्माण के लिए मकानों व दुकानों पर चला बुलडोजर










