Home / Uncategorized / लोकतंत्र को और मजबूत बनाएगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम: डीएम

लोकतंत्र को और मजबूत बनाएगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम: डीएम

महिलाओं को 33% आरक्षण: बलिया में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार, लेखिका एवं अधिवक्ता श्वेता पाण्डेय ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने उन्हें पुष्प गुच्छ एवं शॉल देकर सम्मानित किया। प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अधिनियम के अंतर्गत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई यह पहल ऐतिहासिक है, जो देश की महिलाओं को नीति निर्माण की मुख्यधारा में लाने का प्रयास करती है। इसे केवल एक विधायी प्रक्रिया न मानकर लोकतंत्र को अधिक समावेशी और संतुलित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि संसद में इस अधिनियम के क्रियान्वयन से जुड़े संशोधन विधेयक पर चर्चा शुरू हो चुकी है, जो देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी देने का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह अधिनियम लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। प्रेसवार्ता में यह भी उल्लेख किया गया कि महिलाएं पहले ही शिक्षा, विज्ञान, खेल, कृषि और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता सिद्ध कर चुकी हैं। अब आवश्यकता है कि उन्हें नीति निर्माण के सर्वोच्च मंचों पर भी पर्याप्त अवसर मिले।
अंत में कहा गया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लोकतंत्र को मजबूत, संवेदनशील और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प भी है। कार्यक्रम के दौरान इस पहल को लेकर महिलाओं में उत्साह और सकारात्मक अपेक्षाओं का माहौल देखने को मिला। इस प्रेसवार्ता में जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन, जिला सूचना अधिकारी ऋषभ देव त्रिपाठी, अरुण कुमार एवं सूचना विभाग के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *