Home / Uncategorized / केन्या के केफर लुंबासी ने जीती सातवीं चन्द्रशेखर हाफ मैराथन की ट्राफी

केन्या के केफर लुंबासी ने जीती सातवीं चन्द्रशेखर हाफ मैराथन की ट्राफी

राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृति में रविवार को 21 किलोमीटर की 7वीं चंद्रशेखर हाफ मैराथन की सवा लाख इनाम राशि की ट्राफी केन्या के धावक केफर लुम्बासी ने जीती। प्रयागराज के सचिन यादव द्वितीय और केन्या के केबिछी वाइजली ने तीसरा स्थान हासिल किया। फिनिशिंग लाइन टच करने वाले प्रथम दस में बलिया के दो खिलाड़ी रहे। 7वीं चंद्रशेखर हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए 730 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था। सभी खिलाड़ी सुबह छह बजे तक स्टार्टिंग प्वाइंट पर पहुंच चुके थे। पटपर पचखोरा में हाफ मैराथन का फ्लैग आफ राज्यसभा सांसद नीरज शेखर व भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने किया। इसके बाद केन्या के धावकों ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी। 240 नंबर जर्सी पहने केनिया के केफर लुंबासी ने 59 मिनट 05 सेकेण्ड में अपनी दौड़ पूरी की। केनियायी धावक केफर लुंबासी ने पचखोरा में स्टार्टिंग प्वाइंट से लेकर वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में फिनिश लाइन तक लगातार बढ़त बनाए रखी। हालांकि, प्रयागराज के सचिन यादव ने भी केनियायी धावक का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने शुरू से ही केफर को पछाड़ने के लिए पूरी ताकत झोंकी, मगर महज 32 सेकण्ड से पिछड़ कर द्वितीय स्थान हासिल किया। 230 नंबर की जर्सी पहने सचिन यादव ने अपनी दौड़ 59 मिनट 37 सेकेण्ड में पूरी की। केन्या के ही केबिछी वाइजली ने तृतीय स्थान हासिल किया। केबिछी ने 239 एक घंटे 53 सेकेण्ड में दौड़ पूरी की। 270 नंबर के धावक वाराणसी के अनिल पटेल ने चतुर्थ स्थान, 271 नंबर के धावक वाराणसी के जुगनू कुमार ने पांचवां स्थान, 269 नंबर के धावक वाराणसी के अभिषेक प्रजापति ने छठवां स्थान, 244 नंबर के केनिया के चेपके वांग ने सातवां स्थान, 153 नंबर के धावक बलिया के सोनू कुमार राजभर आठवां स्थान, 172 नंबर के धावक बलिया के नीतीश कुमार ने नौवां स्थान और 703 नंबर के धावक मध्यप्रदेश के मऊगंज के पंकज पटेल ने दसवां स्थान हासिल किया। दसवें स्थान पर रहे धावक पंकज पटेल ने अपनी दौड़ एक घंटे सात मिनट और पंद्रह सेकेण्ड में पूरी की। फिनिशिंग लाइन तक पहुंचे वाराणसी के कुश कुमार ने एक घंटा 15 मिनट 23 सेकेण्ड में दौड़ पूरी की। कुल लगभग डेढ़ सौ खिलाड़ी फिनिश लाइन तक पहुंच सके। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने प्रथम विजेता केन्या के केफर लुंबासी को एक लाख 25 हजार, द्वितीय विजेता सचिन यादव को 65 हजार और तृतीय स्थान पर रहने वाले केन्या के केबिछी वाइजली को 35 हजार नगद का पुरस्कार दिया। प्रथम स्थान से 30वें स्थान तक के धावकों को पुरस्कार राशि दी गयी।

स्टेडियम में हुआ पुरस्कार वितरण कार्यक्रम

जननायक चंद्रशेखर हाफ मैराथन प्रतियोगिता का समापन तथा पुरस्कार वितरण समारोह वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह तथा राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने विजेताओं को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र, एडी बेसिक आजमगढ़ मनोज मिश्र, बीएसए मनीष सिंह, सुनीता श्रीवास्तव, सोनी तिवारी, दिनेश जायसवाल, रुस्तम खान, उमेश सिंह, अजित सिंह, धीरेन्द्र राय, संतोष सिंह, डा. धर्मेंद्र सिंह, विजय बहादुर सिंह, पंकज राय आदि थे। संचालन सुरजीत सिंह व प्रदीप यादव ने किया। समिति के सचिव उपेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों प्रतिभागियों और आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *