Home / Uncategorized / औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर, कई सफाई कर्मी निलंबित, सचिव व पंचायत अधिकारियों पर कार्रवाई

औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर, कई सफाई कर्मी निलंबित, सचिव व पंचायत अधिकारियों पर कार्रवाई

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली जिले में ग्राम पंचायतों की व्यवस्थाओं को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा द्वारा 23 अप्रैल को विकास खंड चहनियां के अंतर्गत ग्राम पंचायत हिनौता रमौली, लक्ष्मणगढ़ और रानेपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद तत्काल कड़ी कार्रवाई की गई।

निरीक्षण में हिनौता रमौली और लक्ष्मणगढ़ ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मियों द्वारा नियमित साफ-सफाई न किए जाने, ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और गांवों में गंदगी पाए जाने पर छह सफाई कर्मियों—सतीश कुमार सिंह, विजेन्द्र कुमार चौहान, नरेन्द्र कुमार, लालव्रत यादव, अखिलेश गुप्ता और पंकज कुमार यादव—को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इसके अलावा पंचायत भवनों की व्यवस्थाओं में भी कई खामियां उजागर हुईं। हिनौता में पंचायत भवन के सीलिंग फैन खराब मिले, वाई-फाई कनेक्शन और सोलर पैनल नहीं लगे थे, जन सेवा केंद्र की आईडी की जानकारी उपलब्ध नहीं थी तथा शौचालय रजिस्टर नहीं बनाया गया था। रमौली में पंचायत भवन बंद मिला और परिसर में गंदगी पाई गई। लक्ष्मणगढ़ में इनवर्टर और बैटरी के अभाव में शासकीय कार्य बाधित थे, साथ ही शौचालय और हैंडपंप क्षेत्र गंदे मिले तथा सामुदायिक शौचालय क्रियाशील नहीं था। रानेपुर में भी वाई-फाई सुविधा नहीं पाई गई और सामुदायिक शौचालय निष्क्रिय मिला।

इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए संबंधित ग्राम पंचायत सचिव आशुतोष सिंह और ग्राम पंचायत अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *