Home / Uncategorized / धानापुर की बेटी नौशाबा इरफान ने जिले में पांचवां स्थान पाकर बढ़ाया मान

धानापुर की बेटी नौशाबा इरफान ने जिले में पांचवां स्थान पाकर बढ़ाया मान

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली जनपद के धानापुर स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज की छात्रा नौशाबा इरफान ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 89 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे धानापुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

नौशाबा की इस सफलता ने उनके परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। उनके पिता इरफान अली जूनियर हाई स्कूल में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गुलशन आरा गृहिणी हैं। खास बात यह है कि नौशाबा ने बिना किसी ट्यूशन के अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।

बेटी की सफलता से घर में जश्न का माहौल है। माता-पिता ने नौशाबा को फूल-मालाओं से सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। वहीं गांव के लोगों ने भी एकत्र होकर छात्रा को बधाई दी और मिठाइयां बांटकर खुशी साझा की।

नौशाबा इरफान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस या पीसीएस अधिकारी बनना है, ताकि वह देश की सेवा कर सकें।

नौशाबा की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *