पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी। कपसेठी थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनपुर गांव स्थित एक आम के बगीचे में शुक्रवार तड़के लगभग 7 बजे 60 वर्षीय एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मृतक की पहचान अर्जुनपुर निवासी राजेंद्र दुबे (उम्र लगभग 60 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से वाराणसी शहर के बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहे थे। लगभग 10 दिन पहले वह यह कहकर घर से निकले थे कि अपने पैतृक गांव अर्जुनपुर गेहूं की मड़ाई कराने जा रहे हैं, लेकिन उसके बाद से वह वापस नहीं लौटे।
शुक्रवार सुबह उनका शव गांव के ही एक आम के बगीचे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कपसेठी पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन ,ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल चार्जर तथा लगभग 3000 रुपये नगद बरामद हुए हैं।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी निर्मला देवी का वर्ष 2024 में निधन हो चुका है। वह इस मामले में थाना प्रभारी कपसेठी विकास मौर्य से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।










