पूर्वांचल राज्य
वाराणसी | जिला संवाददाता
अप्रैल माह में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए नगर निगम ने शहरवासियों को राहत देने के लिए नई पहल शुरू की है। अब शहर के प्रमुख चौराहों और गंगा घाटों पर ‘ग्रीन शेड’ लगाए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को चिलचिलाती धूप से बचाव मिल सके।
इस अभियान की शुरुआत रथयात्रा चौराहे से की गई है। नगर निगम के मुख्य अभियंता आर.के. सिंह के अनुसार, ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को तेज धूप में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए लहुराबीर, मलदहिया (पटेल जी की मूर्ति के पास) और दशाश्वमेध जैसे व्यस्त चौराहों के साथ प्रमुख घाटों पर भी ग्रीन शेड लगाने की योजना बनाई गई है।
मुख्य बिंदु:
व्यस्त चौराहों और घाटों पर लगेगा ग्रीन शेड
ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वालों को मिलेगी राहत
लू और तेज धूप से बचाव में कारगर पहल
नगर निगम ने पेयजल व्यवस्था को भी मजबूत किया है। शहर के 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर और 22 स्थानों पर प्याऊ की सुविधा शुरू की गई है, ताकि लोगों को गर्मी में ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो सके।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए निगम पूरी तरह सतर्क है और नागरिकों को अधिकतम राहत देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रीन शेड और पेयजल सुविधाओं के विस्तार से वाराणसी में गर्मी के असर को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।










