पुर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर वाराणसी के शीतला घाट पर सामाजिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संस्था शिव बारात समिति के संस्थापक दिलीप सिंह के नेतृत्व में गंगोत्री सेवा समिति एवं शनिवार गोष्ठी संस्था द्वारा संयुक्त रूप से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मां गंगा के विधिवत पूजन से हुई, जिसमें दिलीप सिंह ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के साथ मिलकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने विशिष्ट जनों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई। अपने संबोधन में दिलीप सिंह ने कहा कि काशी में गंगा सप्तमी का विशेष महत्व है और यह पर्व हमारी सनातन परंपराओं एवं आस्था का जीवंत प्रतीक है।
इस अवसर की सबसे विशेष झलक रही मां गंगा को “आर-पार की साड़ियों की माला” अर्पित करना। विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने मिलकर इस प्राचीन परंपरा का निर्वहन किया, जो काशी की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा।
पूजन के पश्चात भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें दीपों की जगमगाहट और मंत्रोच्चार ने पूरे वातावरण को दिव्य बना दिया। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर मां गंगा की आराधना में लीन नजर आए। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।
आयोजन के अंत में दिलीप सिंह ने सभी सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।










