पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के खानपुर स्थित जलसा में ‘शेरे पूर्वांचल’ के उपनाम से विभूषित पूर्व मंत्री बच्चा पाठक की नौवीं पुण्यतिथि गुरुवार रात सर्वदलीय सभा के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर बलिया सांसद सनातन पाण्डेय सहित कई प्रमुख नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने स्वर्गीय पाठक के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय पाठक के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा कि बच्चा पाठक ने उन्हें विपक्ष में लड़ने की ताकत दी थी। उन्होंने पाठक को सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए कड़े फैसले लेने का जज्बा रखने वाली एक विरले शख्सियत बताया। सांसद ने कहा कि फौलादी इरादे के धनी पाठक जनसेवा के लिए जो ठान लेते थे, उसे पूरा करके ही दम लेते थे। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने स्वर्गीय पाठक को पार्टी से ऊपर उठकर सबके सुख-दुख में शामिल रहने वाला राजनीतिक व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पाठक द्वारा बताए गए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अशोक पाठक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पद्मदेव पाठक, इंजीनियर विरेन्द्र पाठक, ओम प्रकाश पाण्डेय, समाजसेवी अजय सिंह, डॉ. आरबीएन पाण्डेय, समाजसेवी संजय सिंह, बृजेश सिंह गाट, अरुण तिवारी, अरविन्द गांधी, विजय ओझा, महावीर पाठक, सौरभ पाठक, रूपेश चौबे, गुड्डु सिंह और राणा प्रताप यादव दाढ़ी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने की, जबकि संचालन धनंजय सिंह ने किया। आभार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता और स्वर्गीय बच्चा पाठक के पौत्र पुनीत पाठक ने व्यक्त किया। प्रख्यात गायक बंटी वर्मा ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
शेरे पूर्वांचल पूर्व मंत्री बच्चा पाठक की मनाई गई 9वीं पुण्यतिथि दिग्गजों का हुआ जमावड़ा










