Home / Uncategorized / रोटरी क्लब रेणुकूट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का OCV सफलतापूर्वक संपन्न

रोटरी क्लब रेणुकूट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का OCV सफलतापूर्वक संपन्न

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

रेणुकूट सोनभद्र स्थानीय रोटरी क्लब रेणुकूट द्वारा रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (DG) रो. डॉक्टर आशुतोष अग्रवाल की आधिकारिक क्लब विजिट (OCV) अत्यंत गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह आयोजन क्लब की सक्रियता, अनुशासन और समाजसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रभावशाली उदाहरण बनकर सामने आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हिंडाल्को गेस्ट हाउस में हुआ, जहाँ क्लब के सदस्यों ने पारंपरिक रूप से माल्यार्पण कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ पधारे रोटरी क्लब वाराणसी सनराइज के रो. राजीव जयपुरिया तथा असिस्टेंट गवर्नर (एजी) रो. रवि कटारे का भी सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह में उत्साह, सौहार्द और गरिमा का विशेष वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, असिस्टेंट गवर्नर, क्लब अध्यक्ष एवं सचिव के मध्य एक महत्वपूर्ण औपचारिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्लब द्वारा संचालित सामाजिक परियोजनाओं, सेवा गतिविधियों तथा वित्तीय अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने क्लब की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में और अधिक प्रभावी, टिकाऊ एवं जनहितकारी परियोजनाओं के संचालन हेतु उपयोगी सुझाव दिए।

इसके पश्चात विंध्याचल में क्लब की सामान्य सभा आयोजित की गई, जिसमें लगभग 35 सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का संचालन रो. संजय रूंथला ने किया तथा राष्ट्रगान के साथ सभा का औपचारिक शुभारंभ हुआ, जिससे पूरे आयोजन में अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का भाव परिलक्षित हुआ।

सभा में क्लब की वरिष्ठतम एवं प्रथम महिला सदस्य रो. शीला सक्सेना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का स्वागत किया। वहीं रो. सुजीत सान्याल ने असिस्टेंट गवर्नर रो. रवि कटारे तथा रो. शशि तिवारी ने रो. राजीव जयपुरिया एवं रो. अमित जी का स्वागत कर कार्यक्रम की गरिमा में वृद्धि की।

इस अवसर पर रो. डॉ. प्रेमलता ने अपने परिचयात्मक उद्बोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि Dr.अशोक आशुतोष अग्रवाल एक प्रतिष्ठित ऑर्थोपेडिक सर्जन हैं तथा वाराणसी स्थित आयुष्मान मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का सफल संचालन कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट 3120 ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।

क्लब अध्यक्ष रो. सुनील कांत पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब के अधिकांश सदस्य हिंडाल्को के विभिन्न विभागों में कार्यरत होने के बावजूद सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सभी सदस्य समयाभाव के बावजूद सेवा कार्यों को पूर्ण समर्पण, निष्ठा और टीम भावना के साथ संपन्न करते हैं।

असिस्टेंट गवर्नर रो. रवि कटारे ने क्लब की अनुशासित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी क्लब रेणुकूट की मासिक रिपोर्ट समयबद्ध रूप से प्राप्त होती है, जो इसकी कार्यकुशलता और जिम्मेदारी को दर्शाती है। उन्होंने क्लब सचिव रो. अजीत अस्थाना की रिपोर्टिंग प्रणाली को विशेष रूप से प्रभावी और अनुकरणीय बताया।

अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने Rotary Foundation की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों से इसमें सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उनके प्रेरक आह्वान से प्रभावित होकर कार्यक्रम स्थल पर ही 20 सदस्यों ने रोटरी फाउंडेशन में योगदान प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान रेणुकूट के समाजसेवी श्री राजकुमार यादव को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जो आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।

अंत में क्लब सचिव रो. अजीत अस्थाना ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का यह दौरा क्लब के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक सिद्ध हुआ है। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग एवं सहभागिता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित रात्रि भोज के साथ हुआ, जहाँ सदस्यों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और संगठनात्मक एकता और अधिक सुदृढ़ होती दिखाई दी।

यह सफल आयोजन रोटरी क्लब रेणुकूट की सक्रियता, समर्पण और समाजसेवा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *