पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
शक्तिनगर, सोनभद्र।
शक्तिनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार एक वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्तिनगर–वाराणसी मुख्य मार्ग पर चिल्काडाँड मार्केट के समीप शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान 63 वर्षीय थाडेयुस कुजुर पुत्र फ्रांसिस कुजुर, निवासी राजकिशन कॉलोनी, शक्तिनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह प्रतिदिन की तरह साइकिल से अपने घर से बाजार की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान खड़िया की ओर से तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक आ रहे ट्रेलर (वाहन संख्या MP66ZC1135) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण एवं राहगीर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक के पुत्र अंजलुस कुजुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता सुबह बाजार के लिए निकले थे, तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर और चालक को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्गों पर सख्ती से गति नियंत्रण, चेतावनी संकेतक और नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।










