Home / Uncategorized / (ओबरा) गौमाता’ को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग को लेकर निकली भव्य शोभायात्रा, सौंपा गया ज्ञापन

(ओबरा) गौमाता’ को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग को लेकर निकली भव्य शोभायात्रा, सौंपा गया ज्ञापन

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

सोनभद्र ओबरा नगर में सोमवार को एक भव्य एवं विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा प्रातः 9:00 बजे ‘पुराना थाना’ स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर पूरे नगर का भ्रमण करती हुई तहसील मुख्यालय ओबरा पहुँची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला तथा ‘जय श्री राम’ और ‘जय गौमाता’ के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

इस आयोजन में प्रदेश मंत्री नागेश्वर प्रसाद गोंड मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में संगठन के विभिन्न पदाधिकारी, किन्नर प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि तथा सनातनी किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर किरन नंदगिरी भी शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन ब्रिजेंद्र कुमार मिश्र (गौरक्षा प्रकोष्ठ, सोनभद्र) द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला मंत्री राज कुमार यादव, विनय श्रीवास्तव, हिमांशु कुमार, शिवा जी, जिला महामंत्री राधा, जिला उपाध्यक्ष पूजा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

शोभायात्रा के समापन के पश्चात तहसील मुख्यालय पर उप-जिलाधिकारी (SDM) के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को संबोधित एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से ‘गौमाता’ को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग उठाई गई। साथ ही उत्तर प्रदेश में देशी गोवंश को ‘राज्य माता’ का दर्जा देने, निराश्रित गोवंश की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए प्रत्येक जनपद में स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ‘गो-आधारित प्राकृतिक कृषि’ को बढ़ावा देने की मांग की गई।

अपने संबोधन में नागेश्वर प्रसाद गोंड ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि गोवंश की सुरक्षा, सेवा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में ब्रिजेंद्र कुमार मिश्र ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन भविष्य में भी गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *