पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी
कानपुर देहात, 27 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने अकबरपुर इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तथा सीसीटीवी निगरानी का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा हर हाल में पारदर्शी, अनुशासित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाए।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्व पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
प्रशासन की सक्रियता से स्पष्ट है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।










