पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी सिसवा चौराहे की घटना, शांति भंग व मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज
महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी सिसवा चौराहे पर रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शराब के नशे में धुत एक रिक्शा चालक ने अपने ही साथी पर बेरहमी से हमला कर दिया। पीड़ित व्यक्ति विकलांम बताया जा रहा है, जिससे घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 अप्रैल 2026 को लगभग शाम 6 बजे सूचना मिली कि पकड़ी सिसवा निवासी करीब 50 वर्षीय भकोल शर्मा, जो पेशे से रिक्शा चालक हैं और दिव्यांग भी हैं, को उसी क्षेत्र के रहने वाले राम उग्रह द्वारा शराब के नशे में जमकर पीटा जा रहा है।
सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह ने दोनों को अलग कराने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी राम उग्रह का गुस्सा यहीं नहीं थमा—वह पुलिसकर्मी से ही उलझ गया और दुर्व्यवहार करने लगा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को न्यूनतम बल प्रयोग करना पड़ा और आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया गया।
थाना लाकर आरोपी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए BNSS की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं पीड़ित भकोल शर्मा की तहरीर के आधार पर थाना घुघली में मुकदमा अपराध संख्या 83/2026 दर्ज कर लिया गया है, जिसमें BNS की धारा 115(2), 351(3), 352 और 324(2) के तहत केस पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।










