Home / Uncategorized / युवक की पीट-पीटकर हत्या के विरोध में शव को सड़क पर रखकर किया जाम

युवक की पीट-पीटकर हत्या के विरोध में शव को सड़क पर रखकर किया जाम

गिरफ्तारी के आश्वासन पर माने ग्रामीण, परिजनों ने मुआवजा और नौकरी की उठाई मांग

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।

पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में कारोबारी युवक मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या के बाद सोमवार को क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया जा रहा था, तभी घर से करीब 100 मीटर पहले बाबतपुर-जमालापुर मार्ग पर परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर चक्का जाम कर दिया। दोपहर शुरू हुआ जाम लगभग दो घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।
परिजनों का आरोप था कि घटना में शामिल आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा तथा सरकारी नौकरी की मांग उठाई। जाम के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। डीसीपी गोमती जोन नीतू काद्दयान और एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा मौके पर पहुंचीं और परिजनों से वार्ता की। अधिकारियों ने 11 दिन के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
मौके पर फूलपुर, बड़ागांव, सिंधोरा, कपसेठी, लालपुर-पांडेयपुर, आदमपुर, भेलूपुर, लोहता और लंका समेत कई थानों की पुलिस मौजूद रही। एसीपी पिंडरा अंजनी राम तथा एसीपी राजा तालाब अजय श्रीवास्तव भी सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे।
बताया जाता है कि रविवार देर रात मनीष सिंह अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे बर्तन धो रही बिंदू देवी से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष सिंह कार से उतरकर महिला की मदद करने लगे और इलाज का खर्च उठाने की बात कही, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ लोगों से विवाद हो गया।

देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और कार में तोड़फोड़ के बाद मनीष सिंह पर हमला कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने लात-घूंसों और डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर हालत में उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायल महिला का उपचार जारी है।

एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर 8 नामजद और 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *