पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। रसड़ा स्टेशन रोड स्थित एक स्वर्ण व्यवसायी के गायब हुए करीब साढ़े 4 लाख रुपए के आभूषण को पुलिस ने महज एक घंटे में बरामद कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई से खुश स्वर्णकार समाज ने पुलिस टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है। दरअसल, मेरूराय पूरा निवासी मनोज कुमार की स्टेशन रोड स्थित शिवम गली में ज्वेलरी की दुकान है। उन्होंने अपने कारीगर तौहीद निवासी हिताका पूरा, रसड़ा बाहरी को 24 अप्रैल को बलिया स्थित जेपी ज्वेलर्स से आभूषण लाने के लिए भेजा था। कारीगर गहने लेकर घर चला गया और बाद में उन्हें लौटाने में आनाकानी करने लगा। मामले की शिकायत पूर्व चेयरमैन व स्वर्णकार समाज के संरक्षक वशिष्ठ नारायण सोनी ने अन्य व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह को पत्रक सौंपकर की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर आरोपी को गहनों सहित हिरासत में ले लिया। वहीं, प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, स्वर्णकार समाज ने रविवार शाम पुलिस टीम को मिष्ठान खिलाकर सम्मानित करने की घोषणा की है।
वारदात एक घंटे में बरामद किए साढ़े 4 लाख के जेवरात रसड़ा पुलिस ने कारीगर को हिरासत में लिया










