पूर्वाचल राज्य
वाराणसी। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में 27 से 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित अंडर-17 राष्ट्रीय सब जूनियर कुश्ती चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश बालिका कुश्ती टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 अंकों के साथ पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन बालिका वर्ग में टीम ने कुल छह पदक अपने नाम किए। वाराणसी की दो प्रतिभाशाली पहलवानों आकांक्षा यादव (46 किग्रा) और पायल यादव (73 किग्रा) ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर प्रदेश व जनपद का मान बढ़ाया। दोनों खिलाड़ी बीएचयू स्थित शिवाजी हॉल में कोच हरिराम यादव के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास करती हैं।
अन्य पदक विजेताओं में 43 किग्रा में प्रीति यादव, 49 किग्रा में साक्षी पाल, 57 किग्रा में रिया नागर, 61 किग्रा में वंशिका ने भी कांस्य पदक जीते।
टीम के साथ प्रशिक्षक के रूप में राम सजन यादव, अंकित तिवारी, विभा मौर्य और उमेश यादव मौजूद रहे।
इस उपलब्धि पर वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह ‘रानू’ समेत उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ और अन्य पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
युवा पहलवानों के इस प्रदर्शन ने प्रदेश में महिला कुश्ती के बढ़ते स्तर और उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई है।
अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती: यूपी बालिका टीम तीसरे स्थान पर, वाराणसी की बेटियों ने जीते पदक










