नए सत्र में विद्यालय विकास समिति का पुनर्गठन, वार्षिक कार्ययोजना भी हुई प्रस्तुत
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोलापुर में मंगलवार को नए शैक्षिक सत्र के शुभारंभ पर शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंध एवं विकास समिति (एसएमडीसी) का पुनर्गठन कर नए सदस्यों का चयन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रधानाचार्या डॉ. अनिता गिरि ने विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना की संक्षिप्त आख्या अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत की।
इस अवसर पर यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट वर्ग में सृष्टि ने प्रथम, दीपिका ने द्वितीय तथा मानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में प्रीति पटेल एवं इशरत संयुक्त रूप से प्रथम, करिश्मा द्वितीय तथा रोशनी शर्मा एवं उन्नति तिवारी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रधानाचार्या ने कहा कि छात्राओं की सफलता विद्यालय परिवार के साथ अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। समारोह में ग्राम प्रधान, एसएमडीसी सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन रंजना दुबे ने किया। इस मौके पर डॉ. रीता राय, डॉ. विशालाक्षी देवी, अर्चना चौबे, अनुरमा शास्त्री, प्रशस्ति मिश्रा, अनामिका, वंदना, अभिषेक सहित समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा।










