नगर निगम सदन भवन सहित स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया स्वरूप
पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काशी दौरे के दौरान नगर निगम से जुड़ी कुल 196.50 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 182.23 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और 14.27 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इस दौरान बहुप्रतीक्षित नगर निगम सदन भवन की आधारशिला भी रखी गई। लगभग 96.99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक भवन निगम के प्रशासनिक कार्यों और जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाएगा।
शहर के पौराणिक कुंडों और तालाबों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है। पांच कुंड और आठ तालाबों के जलशोधन एवं कायाकल्प के लिए 21.33 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि अन्य जलस्रोतों के जीर्णोद्धार पर भी कार्य होगा।
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 53.15 करोड़ रुपये से लीगेसी वेस्ट निस्तारण की योजना शुरू की गई है। साथ ही शहर के 25 नव-विस्तारित वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए 150 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इसके अतिरिक्त भोजूबीर में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, सिगरा में को-वर्किंग स्पेस तथा पिसौर में बने कल्याण मंडप का भी लोकार्पण किया गया।
नगर निगम मुख्यालय में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे अधिकारियों और कर्मचारियों ने एलईडी स्क्रीन पर देखा।
इन परियोजनाओं से वाराणसी में स्वच्छता, प्रशासनिक व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को नई गति मिलने की उम्मीद है।










