Home / Uncategorized / जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण एवं सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न, डीएम की सख्त चेतावनी

जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण एवं सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न, डीएम की सख्त चेतावनी

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में मंगलवार को खाद्यान्न सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत जिला स्तरीय समिति एवं जिला सतर्कता समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के संचालन, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और निगरानी तंत्र की गहन समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा समुचित तैयारी न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और कोरम पूर्ति को लेकर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र राशन कार्ड धारकों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में घटतौली की शिकायतें किसी भी स्थिति में नहीं आनी चाहिए। इसके लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा संबंधित अधिकारियों की फील्ड में सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।सतर्कता समिति की बैठक में अपात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त कर पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-केवाईसी प्रक्रिया को तेज करने पर बल दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।जिलाधिकारी ने गैस की जमाखोरी एवं अवैध भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि कालाबाजारी की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कोई भी एजेंसी संचालक निर्धारित दर से अधिक वसूली न करे।खाद्यान्न उठान में लगे डोर-स्टेप डिलीवरी वाहनों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वाहनों की कमी को शीघ्र दूर करने तथा समय पर उचित दर की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही वितरण प्रक्रिया के दौरान उचित दर की दुकानों का औचक निरीक्षण करने पर भी बल दिया।बैठक में चकिया चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राधवेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश नायक सहित सभी संबंधित सप्लाई इंस्पेक्टर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *