Home / Uncategorized / आम तोड़ने पर मासूम को पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस की कार्रवाई

आम तोड़ने पर मासूम को पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस की कार्रवाई

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/ चौक बाजार।
महराजगंज जिले के चौक थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक मासूम बच्चे को मामूली आरोप में अमानवीय सजा दी गई। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेलते समय एक पेड़ से आम तोड़ रहा था। इसी दौरान पेड़ के मालिक दंपति ने उसे पकड़ लिया और गुस्से में आकर क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।
आरोप है कि दंपति ने बच्चे को पेड़ से बांध दिया और डंडों से बेरहमी से उसकी पिटाई की। बच्चे की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह काफी मार झेल चुका था। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी दंपति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें हिरासत में लेकर चालान किया गया।
हालांकि बाद में दोनों आरोपियों को जमानत मिल गई, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।
इस घटना ने क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है और लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *