पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी। जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना बाजार में गुरुवार सुबह लगभग 9:30 बजे एक ट्रक द्वारा विद्युत पोल में टक्कर मार देने से पोल क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार दूध का पैकेट लेकर आया ट्रक बैक कर रहा था इसी दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि विद्युत पोल जमीन पर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास मौजूद लोगों की जान को खतरा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत विद्युत उपकेंद्र गंगापुर को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिजली आपूर्ति को एहतियातन बंद कर दिया गया और विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। वहीं घटना की जानकारी डायल 112 पर भी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।










