Home / Uncategorized / सड़क हादसा या साजिशन हत्या? चंदौली में युवक की मौत से उठा विवाद

सड़क हादसा या साजिशन हत्या? चंदौली में युवक की मौत से उठा विवाद

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

 

चंदौली।जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेंदुई गांव निवासी विशाल राय की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन अब परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजन पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर चुके हैं।

परिजनों के अनुसार, विशाल राय का गांव के कुछ लोगों से हाल ही में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प भी हुई थी, जिसमें मृतक को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है। बाद में पंचायत के जरिए समझौता हो गया, लेकिन परिजनों का दावा है कि आरोपियों के मन में रंजिश बनी रही।

बताया जाता है कि घटना वाले दिन रात में आरोपी पक्ष के लोग विशाल राय को उसके घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला। आधी रात के बाद परिजनों को सूचना दी गई कि उसकी मौत सड़क दुर्घटना में हो गई है।

परिजनों का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां और घटनाक्रम इस बात की ओर इशारा करते हैं कि यह हादसा नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है, जिसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस कॉल डिटेल खंगालने, घटनास्थल की जांच करने और संदिग्धों से पूछताछ में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उधर, परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *