पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय द्वारा संचालित सम सेमेस्टर परीक्षा की निगरानी कुलपति प्रोफेसर संजीत कुमार गुप्ता और कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक एस. एल. पाल द्वारा की जा रही है। परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रोफेसर सानन्द सिंह के नेतृत्व में गठित सचल दल की दोनों टीम ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम-एक ने मथुरा पी.जी. कॉलेज,रसड़ा से 6 एवं अवध बिहारी सिंह महाविद्यालय,बैरिया से 2 परीक्षार्थियों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा। इस दल का नेतृत्व डॉ.दुर्गाप्रसाद सिंह एवं सदस्य के रूप में डॉ.अभिषेक त्रिपाठी, डॉ. सौम्या तिवारी, डॉ. संजीव कुमार मिश्र शामिल हैं। वहीं दूसरी टीम ने सतीश चन्द्र महाविद्यालय से 2 एवं गुलाब देवी महाविद्यालय से 1 परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा। इस दल के प्रभारी डॉ. प्रवीण कुमार यादव एवं डॉ. स्मिता, डॉ. शैलेश कुमार,डॉ. आकाश मौर्या सदस्य के रूप में शामिल है।
सचल दल के सदस्यों ने परीक्षा कक्षों का गहन निरीक्षण किया, जिसमें कुछ परीक्षार्थियों के पास मोबाइल फोन, लिखित पर्चियां एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। तत्पश्चात सभी आरोपित परीक्षार्थियों के विरुद्ध विश्वविद्यालय के नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई तथा उनके विरुद्ध नकल प्रकरण दर्ज किया गया। सचल दल के प्रभारी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन को भी परीक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। महाविद्यालय प्रशासन ने सचल दल के इस अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान किया तथा आश्वासन दिया कि भविष्य में परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
जे एन सी यू की चल रही सम सेमेस्टर परीक्षा में सचल दल ने 11 नकलची पकड़ा










