Home / Uncategorized / अनपरा में दिशिता महिला मंडल रेनुसागर का भव्य अभिनंदन समारोह, समाजसेवियों का हुआ सम्मान

अनपरा में दिशिता महिला मंडल रेनुसागर का भव्य अभिनंदन समारोह, समाजसेवियों का हुआ सम्मान

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

अनपरा, सोनभद्र — दिशिता महिला मंडल रेनुसागर द्वारा वर्ष भर सामाजिक उत्थान की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। यह गरिमामय कार्यक्रम मंडल के कार्यालय परिसर स्थित सभागार में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का संचालन मंडल की सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने वर्ष भर आयोजित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने कहा कि “दिशिता महिला मंडल रेनुसागर” द्वारा किए जा रहे सामाजिक उत्थान के कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने आत्मनिर्भरता को व्यक्ति और समाज के समग्र विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि जब व्यक्ति अपने कौशल और मेहनत के बल पर आगे बढ़ता है, तभी वह सशक्त और सम्मानजनक जीवन जी सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला मंडल द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास न केवल जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान कर रहे हैं, बल्कि समाज को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

ऐसे प्रयास निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा भविष्य में भी समाजहित में इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर मंडल की वरिष्ठ सदस्याएं रीना जैन, मेनका अरोरा, रीना पात्रा, रीतू हर्षवर्धन, ऋतु दवे, करबी दास मिश्रा, सविता चौबे सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। साथ ही Hindalco Industries Limited रेनुसागर के अधिकारी शशिकांत दुबे, संजीव श्रीवास्तव, सदानंद पांडेय, संतोष श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव एवं बलवंत सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *