Home / Uncategorized / रेणुकूट के मुर्धवा में बीएसएनएल केबल कटी, हजारों उपभोक्ताओं का नेटवर्क रहा ठप

रेणुकूट के मुर्धवा में बीएसएनएल केबल कटी, हजारों उपभोक्ताओं का नेटवर्क रहा ठप

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

रेणुकूट (सोनभद्र)। मुर्धवा क्षेत्र में गुरुवार देर रात अराजक तत्वों द्वारा भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की केबल काट दिए जाने से पूरे क्षेत्र की संचार व्यवस्था प्रभावित हो गई। घटना के चलते हजारों मोबाइल उपभोक्ताओं का नेटवर्क अचानक ठप हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

शुक्रवार सुबह जैसे ही घटना की जानकारी मिली, बीएसएनएल विभाग में हड़कंप मच गया। उपभोक्ताओं ने नेटवर्क बाधित होने की शिकायतें दर्ज कराईं, जिसके बाद विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया।

बीएसएनएल के एसडीओ इंद्र कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मुर्धवा क्षेत्र में वीमार्ट पुलिया के पास कुछ दूरी तक केबल काट दी गई थी। सूचना मिलते ही कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त केबल को दुरुस्त करने में जुट गई।

कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर तक नेटवर्क को पूरी तरह बहाल कर दिया गया, जिससे उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।

विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *