पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र (उ.प्र.)। तेलगुड़वा–कोन–विंढमगंज सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं और धीमी प्रगति के विरोध में अधिवक्ता संघ ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच कराते हुए गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गंभीर खामियां बरती जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों और राहगीरों को वर्तमान में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और भविष्य में भी समस्याएं बढ़ने की आशंका है।
संघ के अनुसार निर्माण के दौरान सड़क पर पानी का छिड़काव लगभग नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण सड़क की सतह ठीक से सुदृढ़ नहीं हो पा रही है और धूल का गुबार लगातार उड़ रहा है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, जिससे आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जहां आरसीसी और डामर सड़क को जोड़ा जा रहा है, वहां समुचित समतलीकरण नहीं किया जा रहा है, जिससे गड्ढे बन रहे हैं। तेलगुड़वा से कनहर तक बनी सड़क पर वाहनों के पहियों के निशान उभर आना निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।
अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार मांग और सूचना का अधिकार (RTI) के तहत आवेदन देने के बावजूद निर्माण मानक उपलब्ध नहीं कराए गए, जो कार्य में पारदर्शिता की कमी को दर्शाता है।
इसके अतिरिक्त पूर्व की डामर सड़क को हटाए बिना ही उस पर मोरंग डालकर नया निर्माण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में सड़क के क्षतिग्रस्त होने और दरारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
इस दौरान अधिवक्ता प्रभास कुमार पांडेय, विनय कुमार, संपूर्णानंद, अजीत प्रजापति, प्रियरंजन मिश्रा सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।
अधिवक्ता संघ ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए मानक के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।










