पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
वाराणसी के राजातालाब तहसील परिसर में सोमवार को लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने उपजिलाधिकारी एसडीएम के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। लेखपालों ने एसडीएम पर व्हाट्सएप ग्रुप में अभद्रता करने और अवकाश के दिनों में भी काम करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। धरने पर बैठे लेखपालों का आरोप है कि उपजिलाधिकारी सार्वजनिक रूप से व्हाट्सएप ग्रुप में अपशब्दों का प्रयोग कर उन्हें धमकाते हैं, इस ग्रुप में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी जुड़े हैं, जिससे लेखपालों की छवि धूमिल हो रही है। हाल ही में ग्रुप में उनके “जमीर” पर टिप्पणी की गई थी जिससे उनमें काफी नाराजगी है।
लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजेश मौर्य ने बताया कि लेखपालों पर फार्मर आईडी बनाने का अनावश्यक दबाव डाला जाता है, उन्हें रविवार जैसे अवकाश के दिनों में भी काम करने को कहा जाता है जिसके बदले कोई अतिरिक्त अवकाश नहीं मिलता। उन्होंने मांग किया है कि यदि यह कार्य कराया जाना है तो इसके लिए लिखित आदेश जारी किया जाए, लेखपालों ने यह मुद्दा भी उठाया कि कई लेखपालों को कार्यालय से अटैच किया गया है, उन्होंने मांग किया है कि इन लेखपालों को कार्य मुक्त कर फील्ड में तैनात किया जाए ताकि काम को सुचारू रूप से चल सके। लेखपालों ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले उपजिलाधिकारी को चार बिंदुओं का एक ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन उस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, इसी के विरोध में लेखपालों ने यह धरना प्रदर्शन किया है।










