पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज के नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को पदभार ग्रहण कर प्रशासनिक कार्यों की औपचारिक शुरुआत कर दी। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सोगरवाल ने कहा कि जनोन्मुखी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं की डिलीवरी में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिकतम लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिसमें जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और समस्याओं का समाधान तय समय में हो।
बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन [एनआरएलएम] के तहत संचालित ‘लखपति दीदी’ योजना को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है, इसलिए इस योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महिलाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और आयवर्धन से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ने के निर्देश दिए।
नगर विकास और स्वच्छता पर भी जिलाधिकारी ने विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण को गंभीरता से लागू करने, सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनजागरूकता के माध्यम से स्वच्छता अभियान को व्यापक रूप देने की बात कही। साथ ही, जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे एक जन अभियान के रूप में चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पानी की बचत और जल संचय भविष्य की बड़ी जरूरत है, इसलिए इस दिशा में ठोस प्रयास किए जाने चाहिए।
राजस्व मामलों के निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने लंबित वादों का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने जनसुनवाई को भी गंभीरता से लेने की बात कही और निर्देश दिया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो, ताकि जनता को वास्तविक राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जिले के विकास कार्यों में तेजी लाने का आह्वान किया।










