Home / Uncategorized / दोनों नगर पंचायतों (पिपरी–रेणुकूट) में मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण, जनसेवा का लिया संकल्प

दोनों नगर पंचायतों (पिपरी–रेणुकूट) में मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण, जनसेवा का लिया संकल्प

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

पिपरी/रेणुकूट (सोनभद्र)।
नगर पंचायत पिपरी एवं रेणुकूट में बुधवार को मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। माननीय राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासदों को उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

पिपरी नगर पंचायत के कल्याण भवन में आयोजित समारोह में प्रभाकर गिरि, प्रमोद जायसवाल, कृष्ण कुमार गौड़ एवं प्रदीप सिंह रानू ने सभासद पद की शपथ ली। वहीं रेणुकूट नगर पंचायत में आशीष मिश्रा, माया गुप्ता एवं अन्य मनोनीत सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई।

शपथ ग्रहण के पश्चात समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह मिठाइयाँ बांटी गईं और लोगों ने खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री शारदा खरवार भी उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह नियुक्तियाँ समर्पण, मेहनत और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान हैं, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।

वरिष्ठ नेता चांद प्रकाश जैन ने भी विश्वास जताया कि मनोनीत सभासदों के सक्रिय योगदान से विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी और आमजन को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।

इस दौरान मनोनीत सभासद आशीष मिश्रा एवं उनकी पत्नी निगम मिश्रा का समर्थकों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा जुलूस निकालकर उन्हें शपथ ग्रहण स्थल से उनके आवास तक ले जाया गया।

कार्यक्रम में चेयरमैन ममता अनिल सिंह, मंडल अध्यक्ष छवि शाह, उमेश ओझा, पंकज मिश्रा, बृंदावन मौर्य, उदय नाथ मौर्य, विष्णु गुप्ता, किरण सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *