मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी मगरू के रूप में, आरोपी फरार
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली। जिले के सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती ट्रेन में गोली चलने की घटना सामने आई। घटना में एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ जुट गई तथा पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मगरू पुत्र दूधनाथ निवासी चौधरी मोहल्ला, जमानिया, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कर्नाटक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ट्रेन के अंदर अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।










