वाराणसी।हिन्दू जनजागृति समिति ने अपने 24 वर्ष पूरे कर 25वें वर्ष यानी रजत जयंती वर्ष में प्रवेश किया है। इस अवसर पर समिति की ओर से वाराणसी, लखनऊ और गाजीपुर में कार्यक्रम आयोजित कर हिन्दू राष्ट्र की स्थापना का संकल्प लिया गया। समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटस्थापना के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में हिंदुत्वनिष्ठों, धर्मप्रेमियों और समाज के लोगों ने भाग लिया।विश्वनाथ कुलकर्णी, उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्य समन्वयक, हिन्दू जनजागृति समिति तथा
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा रायरेश्वर मंदिर में हिन्दवी स्वराज्य की प्रतिज्ञा से प्रेरणा लेते हुए हिन्दू राष्ट्र स्थापना का संकल्प दोहराया गया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण और बाबा विश्वनाथ के चरणों में प्रार्थना कर भारत को धर्माधारित हिन्दू राष्ट्र बनाने की कामना की गई।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने सनातन हिन्दू धर्म के प्रति श्रद्धा बनाए रखने, हिन्दू संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन तथा मंदिरों, गौवंश और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। इसके साथ ही ऐतिहासिक मंदिरों के जीर्णोद्धार और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।
समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि रजत जयंती वर्ष के दौरान देशभर में विशेष कार्यक्रम और अभियान चलाए जाएंगे। संगठन ने धर्मप्रेमी नागरिकों से इन गतिविधियों में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम के दौरान ‘अब एक ही लक्ष्य, एक ही ध्येय, हिन्दू राष्ट्र’ और ‘जयतु जयतु हिन्दुराष्ट्रम्’ के नारे भी लगाए गए।










