पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार को सातवें दिन (महासप्तमी) मां भगवती के दर्शन के लिए पूजा पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां तारा रानी के पट खुलते ही पूरा जनपद भक्ति के सागर में सराबोर हो गया। विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में डांडिया और गरबा रास कार्यक्रमों का भव्य आगाज हुआ, जिसने उत्सव के उत्साह को दोगुना कर दिया। आनंद नगर (फरेंदा), नौतनवा और महराजगंज मुख्य शहर के कई स्थानों पर पारंपरिक परिधानों में सजे युवाओं की टोलियां देर रात तक थिरकती रहीं।
आनंद नगर के आस्था केंद्रों पर गरबा की धूम
आनंद नगर क्षेत्र में महासप्तमी के विशेष अवसर पर कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर डांडिया नाइट्स का शानदार आयोजन किया गया। दुर्गा मंदिर, श्याम शक्ति धाम और विंध्यवासिनी मंदिर में मां के दर्शन-पूजन के बाद आयोजित गरबा कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक डांडिया गीतों की धुन पर डांडिया स्टिक्स की खनक से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।
राज विलास होटल में सज रही सबसे बड़ी डांडिया महफिल
महराजगंज मुख्य शहर में इस वर्ष का सबसे भव्य और आकर्षक डांडिया महोत्सव MGT Production और Satyam Hospital के संयुक्त तत्वावधान में Raj Villas Hotel & Resort में आयोजित किया जा रहा है। यहाँ नवरात्रि की प्रत्येक शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक हाई-टेक साउंड और रंग-बिरंगी दूधिया रोशनी के बीच युवा पारंपरिक व आधुनिक भक्ति गीतों पर गरबा रास का आनंद ले रहे हैं।
नौतनवा के ‘व्हाइट हाउस’ में उमड़ा उत्साह
नौतनवा कस्बे में नवरात्रि पर्व को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र के प्रसिद्ध व्हाइट हाउस मैरिज हॉल में आयोजित डांडिया नाइट्स में रंग-बिरंगे गुजराती और राजस्थानी परिधानों में सजे युवक-युवतियों ने डांडिया नृत्य से समां बांध दिया। इसके अलावा क्षेत्र के विभिन्न स्थानीय पूजा पंडालों और समितियों द्वारा भी मां की आराधना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जा रही है।
शैक्षणिक संस्थानों में भी दिखा संस्कृति का रंग
जनपद के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में भी छात्र-छात्राओं के भीतर सांस्कृतिक चेतना जगाने के लिए डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। विज़न एकेडमी, राजीव गांधी कॉलेज ऑफ फार्मेसी और गंगराई स्थित एमजीएम इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन आयोजनों को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन व शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला व स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीमें सभी प्रमुख पंडालों और डांडिया वेन्यू पर मुस्तैद दिखीं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद ले सकें।










